नारनौल। नारनौल के कई मोहल्लों में 70 से 100 साल पुरानी हवेलियां अब खंडहर में बदल गई हैं। इन जर्जर हवेलियों से लोगों को गुजरने में डर लगता है। बारिश के दौरान इनके गिरने का खतरा बढ़ जाता है। मोहल्ला बांस, रेलवे रोड, काठ मंडी, लोहा मंडी, प्राणपुरा, रावका और संघीवाड़ा जैसे क्षेत्रों में ये हवेलियां स्थित हैं। सड़क से काफी नीचे होने के कारण बारिश में इनमें पानी भर जाता है। मोहल्ला बांस में एक 90 से 100 साल पुरानी हवेली का छज्जा कई बार गिर चुका है। स्थानीय लोग हवेली मालिकों से इसे ढहाने की मांग कर चुके हैं। हालांकि, कुछ जर्जर हिस्से ढहा दिए गए हैं, लेकिन रास्ते की तरफ का हिस्सा अभी भी खड़ा है, जिससे हादसे का डर बना रहता है।