प्रदेश सरकार ने धनतेरस के शुभ अवसर पर संपत्ति हस्तांतरण के दस्तावेजों के पंजीकरण की सुविधा प्रदान करने के लिए अवकाश के दिन भी तहसील कार्यालय खुला रखा। इस दौरान जिला भर में 37 ऑनलाइन रजिस्ट्री की गई। सरकार के निर्देश पर जिले के सभी तहसील कार्यालय खुले रहे और डीड रजिस्ट्रेशन का कार्य सामान्य दिनों की तरह ही किया गया। इस संबंध में शुक्रवार को ही उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिला राजस्व अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए थे। डीसी के निर्देश पर धनतेरस के शुभ दिन पर जनता को संपत्ति का पंजीकरण कराने की सुविधा प्रदान की गई थी और इसी के परिणामस्वरूप शनिवार को पूरे जिले में कुल 37 ऑनलाइन रजिस्ट्री की गई। इस संबंध में हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शुक्रवार को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए थे। कार्यवाहक तहसीलदार राकेश कुमार ने बताया कि सरकार ने जनता की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया है और अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन करने को कहा गया था। इस निर्णय से उन नागरिकों को विशेष लाभ मिला, जो शुभ मुहूर्त पर अपनी संपत्ति का पंजीकरण कराना चाहते थे।