यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शुक्रवार सुबह पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में शहर थाना प्रभारी अनिल कुमार स्वयं जांच टीम के साथ सड़कों पर उतरे और वाहनों की जांच की। इस दौरान 18 वाहनों के चालान कर 28 हजार रुपये का जुर्माना किया तथा दो मोटर साइकिलों को जब्त कर थाने में पहुंचाया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन मोटरसाइकिलों के खिलाफ चलाया गया जिनमें पटाखे जैसी आवाज करने वाले अवैध साइलेंसर और काली फिल्म लगी होती हैं। ऐसे वाहनों और उनसे जुड़े युवकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जो नियमों की अनदेखी करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर दौड़ते हैं। शुक्रवार को सुबह शहर के कैंची मोड़, राव तुलाराम चौक और गोशाला रोड पर अभियान के तहत वाहनों की जांच की गई। थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी यातायात नियमों की अनदेखी न करे, वैध दस्तावेज साथ रखें और अवैध साइलेंसर या फिल्म का प्रयोग न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।