एनआईटी कुरुक्षेत्र गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का चुनाव उत्साह और गहमा-गहमी के बीच जारी है। मतदान केंद्र पर सुबह से ही कर्मचारियों की आवाजाही बनी हुई है। चार गुटों के बीच मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। हर गुट समर्थकों को एकजुट करने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटा है। चुनावी परिसर में हलचल इतनी तेज है कि कहीं समर्थकों की धीमी फुसफुसाहट सुनाई दे रहे हैं, तो कहीं प्रत्याशी हाथ जोड़कर आखिरी क्षणों तक मतदाताओं से संपर्क साधते दिखाई दे रहे हैं। कुल 123 मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। अभी तक 115 मतदाताओं ने मत का प्रयोग कर लिया है। प्रधान पद पर पूर्व प्रधान अजय, गौरव अग्रवाल, कुलविंद्र सिंह और राकेश मीणा आमने-सामने हैं। उपप्रधान और संयुक्त सचिव पद पर भी बहु-कोणीय मुकाबला माहौल को गर्म किए हुए है, जबकि कोषाध्यक्ष और महासचिव के पद पर दो-दो प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर है। चुनाव अधिकारी बीबी गौतम ने बताया कि मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।