प्रदेश सरकार व अधिकारियों को किसानों की कोई परवाह नहीं है। सरकार किसानों का भला करने की बजाए उन्हें लूटने में ही लगी है। अधिकारी भी किसानों की समस्याओं को दूर नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि फसल बिकने के बाद तय समय में पैसा भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का। वे आज पिपली अनाजमंडी में पहुंचे थे, जहां उन्होंने किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से चर्चा की। उन्होंने ढेरी पर जाकर गेहूं की नमी भी जांची तो मौके पर जांच भी कराई। वहीं इस दौरान मजदूरों ने इलेट्रिक कांटे से आ रही परेशानी से अवगत कराया तो वहीं किसानों ने कहा कि जो फसल बिक चुकी है, उसका भुगतान आज तक नहीं हो पाया है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कईं संबंधित अधिकारियों को कॉल भी की तो वहीं किसानों, आढ़तियों व मजदूरों की समस्या से अवगत भी कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जो भी समस्या होगा जल्द दूर कर दी जाएगी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि आज हर वर्ग के लोग बेहाल है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है तो किसान खेती से पीछे हटता जा रहा है। कानून व्यवस्था भी बदतर है।