एलएनजेपी नागरिक अस्पताल प्रकरण में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया की कथित टिप्पणियों के विरोध में मंगलवार को जिलेभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की। स्टेट कमेटी के आह्वान पर पीएचसी, सीएचसी और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में नर्सिंग अधिकारियों ने कामकाज छोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाएं बहाल रखी गईं, ताकि मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि एलएनजेपी मामले में पूरे नर्सिंग कैडर पर सवाल उठाए गए और ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिनसे उनकी मानहानि हुई है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने हमेशा मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दी है, लेकिन बिना जांच पूरे नर्सिंग स्टाफ को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। नर्सिंग कर्मियों ने रेनू भाटिया से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो स्टेट कमेटी के अगले आह्वान पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।