धर्मनगरी में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम व श्रद्वा से मनाया जा रहा है। चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे है। शिवालयों में सुबह से ही श्रद्वालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर श्रद्वालु पूजा अर्चना कर रहे हैं। शिवालयों के आसपास मेले जैसा माहौल बना हुआ है। कही भंडारे लगाए हुए हैं तो कहीं शिव के भजनों पर श्रद्वालु थिरक रहे हैं। मुख्य आयोजन संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय, दुखभंजन महादेव मंदिर, सर्वेश्वर महादेव मंदिर, श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में किए जा रहे हैं। शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि पर्व की धूम मची है। अनेक जगह शोभायात्राएं निकाली जा रही है तो बाबैन में पर्व के उपलक्ष्य में आज से दो दिवसीय कुश्ती दंगल भी शुरू किया जा रहा है। पर्व को लेकर श्रद्वालु पिछले कईं दिनों से तैयारियों में लगे थे तो वहीं शिवालयों को भी बेहद आर्कषक ढंग से सजाया हुआ है। संग्मेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय में 56 हजार लीटर गंगाजल से महादेव का अभिषेक किया जा रहा है, जहां आसपास के प्रदेशों के भी लाखों श्रद्वालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। यहां पार्किंग से लेकर भंडारे तक की खास व्यवस्था की गई है।