संवाद न्यूज एजेंसी करनाल :-21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा के करनाल में नई अनाज मंडी में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शिरकत की और कुर्सी पर बैठकर योग की सामान्य क्रियाएं कीं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग कार्यक्रम में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में लोगों ने योगासन और प्राणायाम किए। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। योग तनाव को कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाने का प्रभावी माध्यम है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देश और दुनिया भर में करोड़ों लोग योग कर रहे हैं। करनाल का यह आयोजन भी योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और लोगों के उत्साह का शानदार उदाहरण बना।