पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण गैस की किल्लत न हो, इसके लिए केंद्र स्तर पर की गई सख्ती से करनाल जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की खपत आधी हो गई है। इसी बीच जिले में कई जगहों पर सिलिंडर मिल तो रहे हैं, लेकिन उसके लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है और सिलिंडर भी उन्हीं लोगों को मिल रहा जिन्होंने पहले से बुक करवा रखा हो। कर्ण कैनाल स्थित गैस एजेंसी में लोगों की भीड़ तो थी, लेकिन लोगों को सिलिंडर आसानी से मिल रहा था। लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले से ही बुक कर रखा था, लेकिन सिलिंडर की गाड़ी करीब तीन बाद आज आई है और उसमें भी बहुत कम सिलिंडर आए हैं। ऐसे में जिनके पास सिर्फ एक सिलिंडर है उनके लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। वहीं, काछवा गांव से आए एक व्यक्ति ने बताया कि उनके गांव में अगले आठ दिन तक कोई सिलिंडर नहीं आएगा। जिस वजह से उनको करनाल अपने रिश्तेदारों के पास सिलिंडर लेने के लिए आना पड़ा।