शनिवार को सांसद कुमारी सैलजा घरौंडा अनाज मंडी पहुंचीं और गेहूं की ढेरियों के बीच जाकर किसानों व मजदूरों से बातचीत की। इस दौरान मजदूरों ने इलेक्ट्रॉनिक कांटों के जरिए तुलाई में आ रही दिक्कतों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। मजदूरों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तुलाई की प्रक्रिया में परेशानी होती है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है। इस पर सांसद ने कहा कि सरकार नए-नए नियम लागू कर किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक मार झेल रहे हैं, जिससे फसल को नुकसान हुआ है। ऐसे में नई व्यवस्थाएं उनकी समस्याएं और बढ़ा रही हैं। सांसद ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने का आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा ताकि उन्हें राहत मिल सके।