करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने जनता से सीधे संवाद का सिलसिला जारी रखा। सुबह 6:30 बजे नेहरू पैलेस स्थित भाटिया टी स्टॉल पर आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत राम नाम की माला जपकर की गई। इसके बाद विधायक ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक व्यक्ति ने एक पटवारी की शिकायत की, जिस पर विधायक ने जवाब दिया, "अगर कोई अधिकारी काम के बदले पैसे मांगता है, तो उसके खिलाफ सबूत लेकर मेरे पास आइए। कार्रवाई करना मेरा काम है। करनाल में सिर्फ ईमानदार अधिकारी ही रहेंगे।" विधायक आनंद ने खिलाड़ियों को राहत देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि करनाल के स्टेडियम में जल्द ही खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए विशेष हॉल बनाया जाएगा, ताकि गर्मी और बारिश के मौसम में खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हित में हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।