भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली के निदेशक डॉ. सीएच श्रीनिवास राव ने किसानों से आह्वान किया कि वे जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नई और जलवायु सहनशील किस्मों को अपनाएं। वह सोमवार को आईएआरआई के क्षेत्रीय केंद्र करनाल में आयोजित अनुसूचित जाति के किसानों के लिए निशुल्क बीज वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर केंद्र के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार यादव, डॉ. राकेश सेठ सहित अन्य वैज्ञानिकों व अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। समारोह में करनाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 500 किसानों को धान और सब्जियों के बीज निशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को खरपतवार नाशकों, कीटनाशकों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही धान की फसल में लगने वाले रोगों और उनसे बचाव की उपायों पर भी किसानों को जागरूक किया गया।