कैथल पुलिस ने करनाल बाइपास स्थित एक होटल में छापेमारी कर देह व्यापार के रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से तीन युवक और तीन युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। इसके अलावा एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस सभी सात लोगों को पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाना ले गई। प्रारंभिक जांच में होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि करनाल बाइपास के पास स्थित फाइव स्टार नामक होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने एक टीम गठित की और योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापा मारा। तलाशी के दौरान अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है। करनाल और नरवाना समेत अन्य स्थानों से बुलाई गई थीं युवतियां सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवतियों को करनाल, नरवाना तथा अन्य क्षेत्रों से बुलाया गया था। आरोप है कि होटल संचालक पैसों के बदले उनसे देह व्यापार करवा रहा था। ग्राहकों को होटल में बुलाकर उनके सामने युवतियों को पेश किया जाता था और वहीं सौदा तय किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। होटल संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में पुलिस का कहना है कि मामले में होटल संचालक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में उसकी संलिप्तता की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल फोन व अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील एसएचओ रमेश चंद्र ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी होटल, गेस्ट हाउस या अन्य स्थान पर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने होटल और भवन संचालकों को भी चेतावनी दी कि उनकी संपत्ति का उपयोग किसी भी गैरकानूनी कार्य के लिए नहीं होना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।