सीवन में पूछताछ के बहाने महिला को थाने में बुलाकर मारपीट व परेशान करने के आरोप मामले में अब कई दलित संगठन पीड़ित महिला के पक्ष में आए हैं। ऐसे में बुधवार को दलित समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया और सचिवालय में एसपी से मिलकर करवाई की मांग की।प्रदर्शन करने वाले लोगों का कहना था कि महिला को युवती के लापता होने के मामले में पूछताछ के लिए थाने में बुलाया गया था। जहां एक महिला व तीन पुलिसकर्मियों ने उससे मारपीट की। इस संबंध में पुलिस ने सीवन थाना में पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस भी दर्ज कर रखा है। एसपी ने कहा कि मामले की जांच के लिए स्पेशल जांच टीम बनाई गई है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एसपी से मिले और मामले में चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रशासन व सरकार को चेताया कि अगर जल्द से जल्द आरोपी पुलिसकर्मियों को पकड़ा नहीं गया तो वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।