जींद जिले के उचाना में आज सर्वखाप महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत का मुख्य उद्देश्य हिंदू विवाह कानून में संशोधन की मांग करना और समाज में बढ़ती कुरीतियों पर अंकुश लगाना है। हरियाणा सरपंच संगठन के अध्यक्ष रणबीर सिंह समैण ने बताया कि यह निर्णय टोहाना में हुई पिछली बैठक में लिया गया था। महापंचायत का प्रमुख फोकस एक गांव और एक गोत्र में होने वाले विवाह, लिव-इन रिलेशनशिप और भागकर की जाने वाली शादियों को रोकना है। खाप पंचायतें लंबे समय से इन मुद्दों पर चिंता जता रही हैं। बुजुर्गों का मानना है कि 36 बिरादरियों में किसी भी लड़की को पूरे गांव की बहन या बेटी माना जाता है। एक ही गांव में विवाह से परिवारों के बीच दुश्मनी बढ़ रही है, जिसका नुकसान दोनों पक्षों को भुगतना पड़ता है। कानूनी संशोधन और जागरूकता पर जोर सरपंच संगठन के जिला प्रधान सुधीर बवाणा ने कहा कि पहले लव मैरिज और अब समगोत्र विवाह के मामले बढ़ रहे हैं, जो सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रहे हैं। संगठन पूरे हरियाणा में जाकर लोगों को इन मुद्दों पर जागरूक करेगा। उनका मानना है कि सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ कानूनी संशोधन भी जरूरी है। महापंचायत में भागकर शादी करने वाले युवाओं के खिलाफ कड़े निर्णय लेने की बात कही गई है। साथ ही, सरकार को ज्ञापन सौंपकर हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन की मांग की जाएगी।