चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में छात्रों को आ रही परिवहन संबंधी समस्याओं को लेकर छात्र संगठनों ने सोमवार को डीएसडब्ल्यू और रजिस्ट्रार कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय द्वारा लागू किया गया नया बस पास सिस्टम पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। छात्रों के बस पास समय पर नहीं बन पा रहे हैं, जबकि जिन छात्रों के पास पहले से बस पास बने हुए हैं,उन्हें भी रोडवेज बसों में मान्यता नहीं मिल रही है। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई बस पास स्लिप को भी अमान्य कर दिया गया है, जिससे छात्र रोजाना सफर करने में मजबूरन परेशानी झेल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुमित लाठर ने बताया कि 14 जनवरी को बस स्टैंड से रोहतक जाने वाली बस में यात्रा की, जहां फ्लाइंग टीम ने बस पास स्लिप मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं स्लिप जारी करता है, तो रोडवेज द्वारा उसे न मानना छात्रों के साथ अन्याय है। इसी दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उनके खिलाफ उनकी शिकायत भी दी गई, लेकिन इससे छात्र संगठन डरने वाले नहीं हैं। छात्र नेताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय की सिस्टम फेलियर की सजा छात्रों को दी जा रही है। रोडवेज की फ्लाइंग टीमें छात्रों की परेशानी समझने के बजाय चालान कर रही हैं। छात्रों काे बस से उतारा जा रहा है,और बेवजह मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इससे छात्रों में भारी रोष है। प्रदर्शन के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल ने डीएसडब्ल्यू और हरियाणा रोडवेज जींद के महाप्रबंधक से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। जीएम ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, ताकि छात्रों को राहत मिल सके। छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और विश्वविद्यालय गेट पर ताला जड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान एनएसयूआई अध्यक्ष जयदीप सिंधु, एबीपी से युवराज, इंडिपेंडेंस यूथ फ्रंट से गौरव, मनजीत खोखरी, रविंद्र ढुल, कार्यकारिणी प्रधान गोविंद सैनी, युवा अध्यक्ष नवरत्न माथुर, लोकेश, मोहित और अभिषेक मौजूद रहे।