संवाद न्यूज एजेंसी जींद। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विकास, दूरदृष्टि और जनभागीदारी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में रेवाड़ी की सैनिक सम्मान रैली से लेकर 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ तक हर महत्वपूर्ण पड़ाव ने हरियाणा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। शहर के गोहाना रोड स्थित होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि रेवाड़ी की सैनिक सम्मान रैली से वन रैंक, वन पेंशन’ का संकल्प मजबूत हुआ, जबकि पानीपत से शुरू हुआ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान महिला सशक्तिकरण का राष्ट्रीय आंदोलन बना। कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व कार्यक्रम ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट का विस्तार पश्चिमी हरियाणा में उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। वहीं, 17 जुलाई को जींद से शुरू होने वाली हाइड्रोजन ट्रेन ग्रीन टेक्नोलॉजी, स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के विजन को नई गति देगी। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति घोषणाओं की नहीं, बल्कि समयबद्ध क्रियान्वयन और परिणाम देने की राजनीति है। हरियाणा आज एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क, मेडिकल शिक्षा, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।