जींद। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर सोमवार को हरियाणा कंप्यूटर प्रोफैशनल्ज संघ ने विरोध प्रदर्शन किया। जींद में बीएमएस के बैनर तले प्रदेश संयोजक राजेश गौतम की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने 12 बजे तक काम बंद कर जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने मांग की कि डीआईटीएस, हारट्रोन और अन्य संविदा कर्मचारियों में पांच वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी दी जाए। इसके साथ सेवा नियमावली बनाकर सेवाओं को नियमित करने, न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक मानदेय, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस, हाउसिंग लोन सुविधा और चिकित्सा अवकाश बढ़ाने की मांग की गई। कर्मचारियों ने समान काम समान वेतन तथा ईएसआई, पीएफ और ग्रेच्युटी का लाभ अनिवार्य रूप से देने की भी मांग उठाई। प्रदेश महामंत्री सुनील मेहरा ने कहा कि डीआईटीएस, हारट्रोन और संविदा कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। 15 अगस्त तक पांच वर्ष पूरे कर चुके सभी संविदा कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी में शामिल किया जाए। प्रदेश संयोजक राजेश गौतम ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।