संवाद न्यूज एजेंसी। नरवाना। हरियाणा के केश कला बोर्ड के चेयरमैन यशपाल ठाकुर का शनिवार को नरवाना के हरियल रेस्ट हाउस पहुंचने पर सैन समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण, रोजगार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बोर्ड की ओर से हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। यशपाल ठाकुर रोहतक और करनाल से सिरसा के ऐलनाबाद जाते समय कुछ समय के लिए नरवाना में रुके। यहां उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि केश कला बोर्ड का उद्देश्य सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है। बदलते समय में यह व्यवसाय तेजी से विकसित हो रहा है, इसलिए सरकार इससे जुड़े लोगों को प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास होगा। कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत युवाओं को प्रशिक्षण के साथ मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उन्हें सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। चेयरमैन ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सम्मान व प्रतिनिधित्व देने का काम किया है। कार्यक्रम के दौरान यशपाल ठाकुर ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।