संवाद न्यूज एजेंसी जींद। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि जींद जल्द ही भारतीय रेलवे के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय का साक्षी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। डॉ. मिड्ढा शनिवार को अपने तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान के दूसरे दिन श्री रागखेड़ा, कंडेला, जीतगढ़, कैरखेड़ी, अहिरका, बड़ौदी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों और शहरी क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। कंडेला गांव में शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जीतगढ़ गांव में 2.85 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जलघर की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ऊर्जा से संचालित ट्रेन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और वंदे भारत ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं भारत को नई पहचान दे रही हैं। डॉ. मिड्ढा ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां पूरे जिले में जोरों पर हैं। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के साथ आम नागरिक भी कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के बाद श्रद्धा और उल्लास के प्रतीक के रूप में लोगों को देशी घी के लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनसभा में जिले और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, साइकिलों, ई-रिक्शा, ई-स्कूटी और अन्य साधनों से पहुंचेंगे। उनके अनुसार यह आयोजन पूरे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उत्सव का रूप ले चुका है।