नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद झज्जर के सफाई कर्मचारियों ने बीकानेर चौक से आंबेडकर चौक तक झाड़ू़ प्रदर्शन किया। इकाई प्रधान शिवम चावरिया ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये लागू करना, पांच हजार रुपये जोखिम भत्ता लागू करना, पुरानी पेंशन बहाल करना शामिल है। सरकार ने 7 अगस्त 2024 को पालिका कर्मियों के साथ हुए समझौते व 4 अप्रैल 2024 को फायर कर्मचारियों के समझौते को लागू न कर कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की थी। हमारी जितनी भी मांगों को लेकर सरकार के साथ समझौते हुए उनका एक भी पत्र पूरे हरियाणा में कहीं पर भी जारी नहीं किया। भाजपा सरकार ने सीवरमैन और सफाई कर्मचारियों की एक भी पक्की भर्ती कहीं पर भी नहीं की और ना ही ठेका प्रथा बंद की।