बहादुरगढ़। शहर के वार्ड-18 स्थित विवेकानंद नगर की मुख्य सड़क पर पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य का नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने निरीक्षण किया। यह सड़क एमआईई की तरफ जाती है। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद यहां सीसी की पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान चेयरपर्सन ने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि विवेकानंद नगर की इस मुख्य सड़क को पक्का करने के लिए पहले ही टेंडर लगाया जा चुका है, लेकिन क्षेत्र की 4-5 अप्रोच गलियों में करीब 10 सालों से पेयजल की समस्या थी। पर्याप्त पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने के कारण पाइपलाइन बिछाने का कार्य पिछले कई महीनों से अटका हुआ था। ऐसे में पहले पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी था, ताकि सड़क बनने के बाद दोबारा खुदाई की जरूरत न पड़े। पाइपलाइन का काम पूरा होते ही सड़क निर्माण कार्य को भी पूरा कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस मौके पर वार्ड-18 के पार्षद संदीप दहिया, पार्षद राजेश तंवर, महावीर मास्टर, लक्ष्मीदत्त पंडित, राजेश राठी, सोनू शर्मा, धर्मवीर राठी, किशन डागर, अशोक कुमार शर्मा, अनिल गुप्ता, सोमबीर, जसवंत खत्री और मनमोहित गुप्ता मौजूद रहे। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एसडीओ संदीप दुहन, जेई अतुल त्यागी और सुपरवाइजर सुमित भी उपस्थित रहे।