संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। इस अवसर पर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता सीईओ (जिला परिषद) मनीष फोगाट ने की व उनके साथ सीटीएम नमिता कुमारी भी मौजूद रही। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने देशभक्ति की भावना के साथ संविधान की मूल भावना और उसकी प्रासंगिकता का महत्व समझते हुए सामूहिक तौर पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस अवसर पर संविधान निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। सीईओ मनीष फोगाट ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन पूरे जिले मेंरे उत्साह से किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है और इसका सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है। प्रस्तावना का वाचन हमें संविधान के उद्देश्यों और आदर्शों की याद दिलाता है।