पाना चुल्याण में स्थित जाट धर्मशाला के पास वाटिका में कादयान खाप की पंचायत हुई। पंचायत की अध्यक्षता खाप प्रधान राजपाल ने की। पंचायत में अलग-अलग गांवों से पहुंचे वक्ताओं ने अपने विचार रखे और पंचायत में लिए गए फैसलों पर सहमति जताई गई। पंचायत में कादयान खाप की तरफ सेकादयान खाप के 16 गांव में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। साथ ही अब खाप के 16 गांव में दिन में शादियां होंगी और रात की शादियों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। तीसरा फैसला कादयान खाप के 16 गांव की सीमाओं से शराब के ठेकों को दूर किया जाए और चौथा फैसला ग्रामीण क्षेत्र में नशे और अपराध को रोकने के लिए प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा। कादयान खाप के प्रधान राजपाल कादयान ने कहा कि बेरी गांव में कादयान खाप के 16 गांव की पंचायत का आयोजन किया गया था। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते अपराध और नशे को लेकर कई फैसले लिए गए हैं। रात की शादियों में अकसर नशे के कारण डीजे पर लोगों के बीच आपस में कहासुनी हो जाती है और खुशी का माहौल मातम में बदल जाता है। ऐसी एक घटना पिछले दिनों क्षेत्र के गांव मांगावास में सामने आई थी। इसमें डीजे पर कहासुनी हुई और गोलियां तक चल गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी। इसलिए खाप की तरफ से फैसला लिया गया है कि कादयान खाप की 16 गांव में डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और कादयान खाप के गांव में रात के समय में शादियां नहीं होगी। केवल दिन के समय में शादियां होंगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते नशे और अपराध को देखते हुए ग्राम पंचायत और प्रशासन के सहयोग से शराब के ठेकों को कादयान खाप के 16 गांव की सीमाओं से दूर करवाया जाएगा। युवाओं का ध्यान पढ़ाई और खेलों की तरफ हो, इसके लिए कादयान खाप की तरफ से हर एक गांव में विशेष अभियान चलाया जाएगा। युवाओं की खेलों और पढ़ाई की तरफ रुचि हो, ऐसे में कादयान खाप की तरफ से पढ़ाई और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। कादयान खाप के प्रतिनिधि मंडल ने झज्जर के लघु सचिवालय में पहुंचकर जिला उपायुक्त प्रदीप दहिया और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से भी मुलाकात करके सहयोग की अपील की।