फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरगढ़: सड़कों पर कूड़े के ढेर देख भड़कीं चेयरपर्सन सरोज राठी, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

बहादुरगढ़। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर मिलने से चेयरपर्सन का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेयरपर्सन सरोज राठी ने झज्जर रोड, बादली रोड, रोहतक-दिल्ली रोड, सेक्टर-दो व सेक्टर-छह के डिवाइडिंग रोड, नजफगढ़ रोड तथा बालोर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। लगभग हर स्थान पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर दिखाई दिए, जिससे उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, लेकिन मौके पर दिखाई दे रही स्थिति इस लक्ष्य के विपरीत है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह तथा सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा से जवाब-तलब करते हुए पूछा कि नियमित सफाई व्यवस्था होने के बावजूद मुख्य मार्गों पर कूड़ा कैसे जमा हो गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्थानों से तत्काल प्रभाव से कूड़ा उठाया जाए और सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। चेयरपर्सन ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर गंदगी रहने से नगर परिषद की छवि प्रभावित होती है और आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी क्षेत्र में इसी प्रकार की लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने, सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा कूड़ा उठाने की व्यवस्था को समयबद्ध बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि शहर में कहीं भी गंदगी नजर न आए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह, सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी तथा सफाई ठेकेदार के सुपरवाइजर पंकज दहिया सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें