संवाद न्यूज एजेंसी बहादुरगढ़। आर्य प्रतिनिधि सभा जिला झज्जर की एक बैठक बहादुरगढ़ की दीनबंधु छोटूराम धर्मशाला में हुई। यह बैठक जुलाई माह में होने वाले पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ अभियान को सफल बनाने के लिए बुलाई गई थी। इसकी अध्यक्षता जिला वेद प्रचार मंडल के संरक्षक ब्रह्मजीत ने की। बैठक में जिला समिति ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक आर्य पांच-पांच पेड़ लगाएगा और उनकी सेवा करेगा। बैठक में अभियान को पूरा करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पौधों की व्यवस्था, उनके रोपण के लिए स्थानों का चयन और उनकी सुरक्षा व देखभाल पर विचार किया गया। हरिओम दलाल ने बताया कि पौधों की व्यवस्था के लिए समाजसेवी वजीर राठी, पूर्व जिला अधिकारी सतबीर दहिया और गांव आसौदा के सुनील से संपर्क किया गया है। पौधे लगाने के संभावित स्थानों में कन्या गुरुकुल लोवा कलां, गांव खरहर का खेल स्टेडियम, क्षेत्र के विद्यालय व कॉलेजों के परिसर शामिल हैं। दलाल ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए शहर की विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया जाएगा। उनसे पौधों को गोद लेने और उनकी निजी तौर पर देखभाल करने की सलाह दी जाएगी। दलाल ने यह भी बताया कि वह स्वयं अपनी टीम के साथ जिले के विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर इस माह भर चलने वाले अभियान में सक्रिय रहेंगे। पौधारोपण में औषधीय पौधों जैसे नीम, बरगद, पीपल और तुलसी का अधिक प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ ही छायादार पौधों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पौधों की सुरक्षा और लालन-पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस बैठक में आर्य हरियाणा प्रतिनिधि सभा जिला झज्जर के संरक्षक ब्रह्मजीत, मीडिया प्रभारी व्रतपाल राठी, महिला प्रभारी प्रीति आर्या, सह अध्यापक प्रभारी जितेंद्र आर्य, किसान प्रभारी अशोक कुमार दुल्हेडा, राजबीर मलिक, अतरसिंह, रणबीर कादयान, रामचंद्र दुल्हेडा, राजेंद्र नई बस्ती और धर्मशाला समिति की ओर से प्रदीप लडरावण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।