झज्जर में राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के क्रिकेट ग्राउंड में बुधवार को 64वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया तथा समारोह की अध्यक्षता की। प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि कप्तान बिरधाना ने कहा कि विद्यार्थी जीवन के अनुभव ताउम्र याद रहते हैं। विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और खेल प्रतियोगिताओं में पूर्ण एकाग्रता तथा खेल भावना से भाग लें। सच्चा और अच्छा खिलाड़ी वही है, जो खेल के नियमों का आदर करते हुए पूरे मनोयोग से खेलता है। उन्होंने कहा कि जवान, किसान और पहलवान के रूप में हरियाणा की पहचान सदियों से है। आज शिक्षा के माहौल में भी बदलाव आया है और युवा प्रतिभाओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि नंबरों की होड़ की बजाय प्रतिभा को महत्त्व देना चाहिए ताकि युवा विकसित भारत के संकल्प को पूरा कर सकें। विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया और नियमों का पालन करते हुए खेलकूद में भाग लेने की शपथ ली। मंच संचालन डॉ. पुष्पेंद्र काद्यान, डॉ. कविता और डॉ. मीनाक्षी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया, खेल प्रभारी डॉ. श्रीकृष्ण दूहन, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता डॉ. अरुण कुमार उपस्थित रहे।