गांव खानपुर कलां में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ संगीतमयी महोत्सव का आयोजन वीरवार से शुरू हो गया, जो 26 मार्च तक चलेगा। यह आयोजन सभी भक्तजन एवं समस्त ग्रामवासियों के सौजन्य से किया जा रहा है। पहले दिन गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 108 सुहागन महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। यह कलश यात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर से शुरू हुई, जो पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर पर ही समाप्त हुई। कलश यात्रा में समस्त ग्रामीण महिलाएं कलश यात्रा के साथ-साथ मंगल गीत गाते हुए चल रही थी। कलश यात्रा में गाजे-बाजे एवं भक्ति गीतों के साथ नाचते-झूमते हुए श्रद्धालु साथ-साथ चल रहे थे। कलश यात्रा के समापन होने पर मंदिर कलश स्थापित किए गए। श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन गोगा मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे से सायंकाल 3:15 तक एक सप्ताह तक प्रतिदिन रहेगा। श्री मद्भागवत कथावाचक पंडित गंगाराम शर्मा बृजवासी रहेंगे जबकि तपस्वी हरसुखदास उपाध्यक्ष सनातन धर्म प्रचारक रहेंगे। कथा व्यवस्थापक पवन कौशिक, अश्वनी शर्मा होंगे। पूर्णाहुति 27 मार्च को होगी।