भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को ज़िला कांग्रेस कमेटी, हिसार द्वारा ज़िला कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष श्री बृजलाल बहबलपुरिया ने कांग्रेस ध्वज फहराया। इस अवसर पर ज़िला अध्यक्ष ग्रामीण बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि आज हम उस पार्टी का स्थापना दिवस मना रहे हैं जिसने 140 वर्षों से अधिक समय तक इस देश के लिए संघर्ष किया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की आत्मा रही है। उन्होंने कहा कि आज स्थापना दिवस के इस अवसर पर जब कांग्रेस का ध्वज फहराया जा रहा है, उसी समय देश के सामने एक खतरनाक सच्चाई भी खड़ी है, जिस पर चुप रहना अपराध होगा। भाजपा सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाने की चाल चली है। यह केवल नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि गांधी जी की सोच का। उन्होंने आरोप लगाया कि आज मनरेगा के बजट में लगातार कटौती की जा रही है। मजदूरी समय पर नहीं मिल रही। काम के दिन घटाए जा रहे हैं और अब नाम बदलकर यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि सब कुछ बेहतर हो गया है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, एआईसीसी सदस्य राजेश कुमार संदलाना, पूर्व टैक्स ट्रिब्यूनल सदस्य हरपाल सिंह बुरा, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र सिंह गंगवा, पीसीसी सदस्य दिलबाग सिंह ढांडा, अनूप सिंह सरसाना, वज़ीर सिंह पूनिया आदि मौजूद रहे।