संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। चानौत गांव में टी-कनेक्शन व पेयजल आपूर्ति को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच दर्ज हुई एफआईआर पर धरना कमेटी के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार पर विश्वास करते हुए टी-कनेक्शन लगवाया था। अब मामला दर्ज होने के बाद यह देखने वाली बात होगी कि कार्रवाई किसके खिलाफ की जाती है। धरना कमेटी के सदस्य अनूप चानौत ने कहा कि ग्रामीणों का सरकार पर आज भी पूरा विश्वास है, लेकिन जब तक गांव को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिलती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धरना स्थल पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता राजेंद्र सोरखी ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि गांव के लोग अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले टी-कनेक्शन लगाने की सहमति दी गई और अब उसी मामले में एफआईआर दर्ज कर दी गई, जिससे ग्रामीणों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या का स्थायी समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा, जबकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।