हांसी के पॉश सेक्टर-5 में वर्षों से चले आ रहे पेयजल संकट को लेकर शुरू हुआ आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अनिश्चितकालीन धरना आज पांचवें दिन भी चल रहा है।आंदोलन को किसान संगठनों, विपक्षी दलों और शहर के नागरिकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। धरनारत लोगों का साफ कहना है कि जब तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने के बढ़ते प्रभाव के बीच हांसी विधायक विनोद भयाना ने सुबह 10 बजे सेक्टर-5 के प्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुलाया, जिससे समाधान की उम्मीद जगी है। वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। धरने में शामिल महिला शिला बामल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विधायक के निवास पर जाकर विरोध प्रदर्शन करेंगी। विधायक विनोद भयाना के निवास स्थान पर जाकर उनका पानी बंद करने का काम हम महिलाएं करेंगी। उनका कहना था कि बिना पानी के जीवन कितना कठिन होता है, इसका एहसास जनप्रतिनिधियों को भी होना चाहिए। सेक्टरवासी महिला संतरो ने कहा कि नागरिक को उसके घर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-5 के लोगों की मांग पूरी तरह जायज है और जब तक पानी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं होती, किसान संगठन उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। राजीव शर्मा ने कहा कि उनकी केवल एक ही मांग है। सेक्टर में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि वर्षों से सेक्टरवासी इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने दोहराया कि जब तक पानी की व्यवस्था नहीं होती, अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। लगातार बढ़ता जनसमर्थन और विभिन्न संगठनों की भागीदारी यह संकेत दे रही है कि हांसी में पानी का मुद्दा आने वाले दिनों में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।