हिसार। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। मॉडल रोजगार कार्यालय के सहयोग से आयोजित इस मेले में करीब 4,700 प्रतिभागियों ने भागीदारी दर्ज करवाई। सीधी भर्ती के लिए आए आवेदकों का साक्षात्कार 35 से अधिक निजी कंपनियों और संस्थानों ने लिया। अंतिम चयन की सूचना बाद में आवेदकों को मैसेज और ईमेल से दी जाएगी। इसलिए सुबह से ही नौकरी की तलाश में आए युवाओं की भीड़ रही। वहां मुख्य अतिथि रहे कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए यह मेले आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल रोजगार अधिकारी पंकज कुमार ढांडा और अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से किया गया। सभी कंपनियों ने आवेदकों को अपनी कंपनियों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। इस मेले के लिए दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक, एमबीबीएस, जीएनएम और नर्सिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी पंजीकृत हुए। इनमें से तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण वाले युवाओं को प्राथमिकता दी गई। इस दौरान कई कंपनियाें ने हाउसकीपिंग स्टाफ, मेडिकल ऑफिसर, जीएनएम, नर्सिंग स्टाफ, ओटी टेक्नीशियन, कंप्यूटर टीचर, एआई ट्रेनर, काउंसलर, ऑफिस स्टाफ, असिस्टेंट मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, फाइनेंशियल एडवाइजर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, टेक्नीशियन, सेल्स मैनेजर, लैब असिस्टेंट, प्रोसेस इंजीनियर, हेल्पर जैसे अनेक पदों पर भर्ती की। जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश दुहन विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम की संरक्षक मेजबान महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने अतिथियों और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। आयोजन में सेवायोजन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. सतीश वर्मा, मीडिया प्रभारी प्रो. मनोज कुमार, डॉ. राजपाल समेत एनसीसी, एनएसएस से जुड़े विद्यार्थियों ने भी सहयोग किया। पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज : मंडल रोजगार अधिकारी पंकज ढांडा और ऋतु जांगड़ा ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया। इससे चयन प्रक्रिया सुगम और त्वरित हुई। रोजगार कार्यालय के अधिकारियों ने कॅरिअर काउंसिलिंग भी की। आवेदन पत्र के साथ सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां, आधार कार्ड, तीन-चार बायोडाटा और पासपोर्ट आकार के फोटो भी लिए गए। युवाओं के लिए अवसर : मीडिया प्रभारी मनोज कुमार और राजपाल ने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए बेहतर कॅरिअर की ओर एक कदम आगे बढ़ाने का अवसर साबित हुआ। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य हर योग्य उम्मीदवार को उसकी प्रतिभा के अनुसार सही मंच दिलाना रहा। इससे युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर विकल्प मिले। सेवायोजन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. सतीश वर्मा ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। अव्यवस्थाओं से जूझते रहे बेरोजगार : मेला परिसर में अव्यवस्था रही। पानी के 20 केन जल्दी समाप्त हो गए। उनके दोबारा भरने और टैंकर मंगाने तक तमाम युवा पानी के लिए भटकते रहे। आयोजकों को अगली बार से बेहतर तैयारी करनी चाहिए। - नितिन शेखावत, मय्यड़ मैं अपना जिला छोड़कर इस मेले में शामिल हुआ लेकिन उमस भरी गर्मी के बीच इंटरव्यू से पहले पंजीकरण कराने में ही पसीना छूट गया। इस कारण मैं अधिक कंपनियों के लिए पंजीकरण नहीं करवा सका। - प्रिंस, फतेहाबाद मैं अपने चार साथियों को लेकर इस मेले में पहुंचा। मेरा मानना है कि युवाओं को अपने गांव के पास ही योग्यता के अनुसार बेहतर रोजगार मिलना चाहिए लेकिन रोजगार मेले से ऐसा नहीं हो सका। - योगेश, दौलतपुर, बरवाला मैं शिक्षित बेरोजगार हूं। मैंने भी रोजगार मेले के लिए पंजीकरण कराया लेकिन मेला स्थल पर अव्यवस्था हावी रही। हर कंपनी के काउंटर पर भीड़ थी। इस कारण मुझे मेरी उम्मीद के मुताबिक विकल्प नहीं मिला। - अजीत कुमार, गोरछी मुझे दूर से आने के कारण देर हो गई। यहां पर दोपहर एक बजे तक ही पंजीकरण किया गया जबकि मेले का समय दोपहर दो बजे तक था। पूछताछ काउंटर पर जाने पर पता चला कि अब पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो गई है। - कुलदीप, भिवानी मैं प्रशिक्षित बेराेजगार हूं। मैं अपनी रुचि और योग्यता के मुताबिक रोजगार चाहता हूं लेकिन यहां पहुंचीं कंपनियों 10 से 15 हजार तक मानदेय दे रहीं हैं जबकि मेरी अपेक्षा प्रबंधक पद पर 30,000 रुपये वेतन की है। - लोकेश, बनभौरी