वीरवार शाम नई सब्जी मंडी में दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर समेत आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों लोगों की मौजूदगी में भव्य आतिशबाजी की गई। इससे पहले राम दरबार और रावण दरबार लगाया गया। दोनों ओर से हुए युद्ध में रावण और उसके सभी सैनिकों के मारे जाने के बाद एक-एक करके पुतलों में आग लगा दी गई। पूरा सब्जी मंडी मैदान जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। नगर निगम के मेयर प्रवीण पोपली और पूर्व मेयर गौतम सरदाना मुख्य अतिथि रहे। मेले की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी महेंद्र टुटेजा और हरि कृष्ण खन्ना ने पुतलों को आग लगाई।