गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में 10 जनवरी को कॉलेज के पूर्व छात्र देश के सबसे बड़े न्यायिक पद चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बनकर कॉलेज में पहुंचेंगे। सीजेआई सूर्यकांत कॉलेज के डायमंड जुबली समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। उनके 12 सहपाठी तथा दो शिक्षक भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। सीजेआई सूर्यकांत इस कॉलेज के 1977-81 बैच के छात्र रहे हैं। कॉलेज में 3 हजार फोटो की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसमें कॉलेज की स्थापना से लेकर अब तक के चुनिंदा यादगार फोटो प्रदर्शनी में लगाए जाएंगे। सीजेआई के 12 सहपाठी इस समारोह में आएंगे। जिसमें राज बहादुर, जसबीर भ्याणा, गुरदीप सिंह भी शामिल हैं। उनके दो शिक्षक भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। सीजेआई करीब एक घंटे तक महाविद्यालय परिसर में रहेंगे। समारोह के दौरान कॉलेज से वर्ष 1950 से 2020 तक शिक्षा प्राप्त कर चुके लगभग 3000 पूर्व विद्यार्थियों की एक विशेष डायरेक्टरी का विमोचन किया जाएगा। इस डायरेक्टरी में पूर्व छात्रों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और व्यावसायिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे एलुमनी रजिस्ट्रेशन से होगी। पंजीकरण के बाद सभी पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा और उन्हें सम्मान स्वरूप डायरेक्टरी, आई-कार्ड व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। एलुमनी के लिए आयु वर्ग और कैटेगरी के अनुसार बैठने की व्यवस्था की गई है। करीब 10 बजे कार्यक्रम आरंभ होगा। सबसे पहले 80 वर्ष से अधिक आयु के एलुमनी और इसके बाद महाविद्यालय के पूर्व शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पुराने एलुमनी अपने अनुभव साझा करेंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। दोपहर 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरी तरह एलुमनी केंद्रित रहेगा।