हिसार। पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में चल रहे स्वदेशी मेले का शुभारंभ समरसता महायज्ञ के साथ स्वदेशी मेले की शुरुआत हुई। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके दर्शकों का मन मोह लिया।
रंगोली बनाओ व सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2,100 रुपये, द्वितीय को 1,100 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 750 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। हर प्रतिभागी को उपहार व प्रमाणपत्र भी दिया गया।
स्वदेशी मेले में 29 दिसंबर को विश्व हिंदू परिषद की ओर से समरसता महायज्ञ से शुरुआत की जाएगी। सुबह 10 बजे भाषण प्रतियोगिता और नींबू-चम्मच दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दोपहर दो बजे सेवा भारती हाई स्कूल की ओर से आनंदम सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी।
डॉ. मनमोहन को दी श्रद्धांजलि
मेले में स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके साथ ही मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मेला संयोजक अनिल गोयल ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण 27 दिसंबर को स्वदेशी मेला बंद रहा। शनिवार को डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के उपरांत मेले की शांतिमय ढंग से शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि मेला 29 दिसंबर तक निर्धारित था लेकिन अब इसकी तिथि बढ़ाकर 30 दिसंबर कर दी गई है। 30 दिसंबर को रोजगार मेले के साथ स्वदेशी मेले का विधिवत ढंग से समापन किया जाएगा।