पिछले पांच दिनों से घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को फिर नदी के पानी में तेज़ी से चढ़ाव आया है। बता दें कि नदी के गुहला चीका हेड पर वीरवार शाम तक 24394 क्यूसेक पानी बह रहा था, जो शुक्रवार सुबह ही बढ़ कर 32 हज़ार क्यूसेक के पार पहुंच गया है। नदी में पीछे से जलस्तर बढ़ने से जाखल क्षेत्र से गुजरती घग्गर नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रहीं है। शुक्रवार सुबह यहां 5350 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है। बता दें कि 12 घंटे पहले यहां जलस्तर 4600 क्यूसेक आंका गया था। घग्गर में जलस्तर बढ़ने का कारण हिमाचल की पहाड़ियों में तेज़ बरसात होना बताया गया है। हालांकि पीछे से बरसातें स्थिर होने पर नदी का जलस्तर कम भी हो सकता है, लेकिन मौजूदा स्थिति में पिछले 5 दिनों से नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है। घग्घर के जलस्तर में लगातार हो रहीं वृद्धि से किसानों के साथ साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी परेशानियां बढ़ गई है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि पीछे से बारिश स्थिर होने पर संभावित ही नदी के जलस्तर में गिरावट आएगी, लेकिन फिलहाल तेज़ी से बढ़ रहें जलस्तर को लेकर नदी के तटवर्तीय क्षेत्र के लोग चिंतित है।