टोहाना। शिव नंदी गऊशाला में बनी महात्मा ज्योतिबा फुले लाइब्रेरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस लाइब्रेरी में पढ़ने वाली तीन युवतियों का जेबीटी अध्यापिका पद पर चयन हुआ है। चयनित महिलाएं रेखा रानी और रीना रानी को मेवात में तथा शशि रानी को फगवाड़ा, पंजाब में नियुक्ति मिली है। खास बात यह है कि तीनों विवाहित हैं और घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियों के साथ करीब 3 साल तक लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती रहीं। नंदीशाला के संयोजक धर्मपाल सैनी ने बताया कि यह लाइब्रेरी हरियाणा की पहली लाइब्रेरी है जो किसी गौशाला में संचालित है। यहां लगभग 150 बच्चों के बैठने, वाई-फाई, एसी और आधुनिक फर्नीचर की सुविधा है। अब तक यहां से 28 बच्चों का बिना पर्ची-खर्ची सरकारी नौकरियों में चयन हो चुका है। सोमवार को गौशाला संयोजक धर्मपाल सैनी, मैनेजर रामकुमार सैनी, कैशियर महावीर सैनी, सुरेंद्र सैनी, सुभाष भूटानी, सरदाराम और लाइब्रेरियन पूनम रानी ने तीनों अध्यापिकाओं का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस मौके पर चयनित महिलाओं ने बच्चों को टिप्स देते हुए कहा, "निरंतरता रखें, खुद नोट्स बनाएं और बेसिक कॉन्सेप्ट क्लियर करें। लक्ष्य जरूर मिलेगा।"