भाजपा नेता एवं महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह ने शहर में नशे का गढ़ बन चुके गुरूनानकपुरा मोहल्ले में 10 जनवरी को नशामुक्ति यात्रा निकालने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि नशा तस्करों द्वारा उनके परिवार को दी जा रही किसी भी धमकी से वह डरने वाले नहीं है। बता दें कि भवानी सिंह महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले जिले में नशामुक्त अभियान चलाए हुए हैं। इस अभियान से नशा तस्करों में हडकंप की स्थिति है। बीती रात कुछ महिलाओं ने उनके घर जाकर भवानी सिंह के परिवार की महिलाओं की धमकी दी थी कि भवानी सिंह को रोक लो, नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। इसके बाद भवानी सिंह ने पुलिस को भी इस संबंध में शिकायत दी है। शनिवार को भवानी सिंह इस सम्बंध में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भवानी सिंह ने गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए ऐलान किया कि 10 जनवरी को फतेहाबाद शहर में नशे का गढ़ बन चुके गुरुनानकपुरा मोहल्ला में नशा विरोधी यात्रा निकाली जाएगी। भवानी सिंह ने कहा कि गुरुनानकपुरा मोहल्ला में दो-तीन महिलाएं नशा बेच रही हैं। पंजाब के लुधियाना, फिरोजपुर और हिसार के गांव पीरांवाली में इनके सरगना बैठे हैं, मगर हैरानी की बात है कि आज तक ये पुलिस की पकड़ में नहीं आई हैं। भवानी सिंह ने कहा कि अगर गुरुनानकपुरा चौकी ईमानदारी से काम करते हुए गुरुनानकपुरा मोहल्ले की एक गली को ही ढंग से संभाल लें तो फतेहाबाद व आसपास के गांवों में नशा खत्म हो जाएगा। इस चौकी के मुलाजिमों की मिलीभगत के कारण नशा बिक रहा है। रतिया में हुए युवाओं की मौत में भी इसी क्षेत्र से नशा बिकने के तार जुड़े हैं। इसके अलावा नशाविरोधी मुहिम के तहत वह जिस भी गांव में गए, वहां लोगों ने बताया कि उनके बच्चे गुरूनानकपुरा से ही नशा लेकर आते हैं। भवानी सिंह ने कहा कि एसपी सिद्धांत जैन नशा के खिलाफ सही काम कर रहे हैं लेकिन एसपी को स्वयं ग्राउंड में आना पड़ेगा। नशा तस्करों के साथ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों की मिलीभगत है। एसपी भेष बदलकर ग्राउंड पर चेक करें तो पता चलेगा कहां-कहां, कैसे-कैसे नशा बिक रहा है। पुलिस के ही लोग सारी बात एसपी तक नहीं पहुंचने दे रहे हैं। शिकायतकर्ताओं को एसपी से मिलने तक नहीं दिया जाता है।