संवाद न्यूज एजेंसी फतेहाबाद। राजनीति का शिकार हो रही रतिया नगरपालिका चेयरपर्सन प्रीति खन्ना की कुर्सी एक बार फिर बच गई। उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर वीरवार को बैठक नहीं हो पाई। एडीसी अनुराग ढालिया के छुट़्टी पर होने के कारण बैठक रद्द कर दी गई। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षद पिछले कई दिनों से हिमाचल भ्रमण पर निकले हुए थे। बता दें कि रतिया नगर पालिका के कुल 17 पार्षदों में से 14 पार्षदों ने 12 जून को डीसी डॉ.विवेक भारती को ज्ञापन सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाने की मांग की थी। इसके बाद डीसी ने एडीसी अनुराग ढालिया को मीटिंग बुलाने के निर्देश दिए थे। एडीसी ने 9 जुलाई की तारीख तय की थी। बैठक न होने को लेकर वीरवार सुबह से ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।