शहर की हंस मार्किट में शुक्रवार सुबह नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़ी कई रेहड़ियों को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि बाजार में यातायात भी सुचारु रूप से चलता नजर आया। नगर परिषद के एसआई महेश और ट्रैफिक थाना प्रभारी जयसिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों ने सड़क पर कब्जा कर कारोबार करने वालों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि हंस मार्किट में लंबे समय से रेहड़ियों और अस्थायी कब्जों के कारण सड़क संकरी हो गई थी। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी और वाहन चालकों के साथ-साथ बाजार आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से एक दिन पहले क्षेत्र में रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों को सार्वजनिक स्थान खाली करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके चलते शुक्रवार को जब्ती की कार्रवाई करनी पड़ी। अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने व्यापारियों और रेहड़ी संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।