राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने जेजेपी सुप्रीमो अजय चौटाला के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें अजय चौटाला ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि देश के लोगों को बांग्लादेश, श्री लंका और नेपाल जैसे देशों की तरह एकजुट कर आगे आना होगा और इन नेताओं को पीटना होगा। बराला ने कहा कि ये लोग लोकतंत्र प्रणाली में विश्वास नहीं रखते इसलिए समाज में अराजकता फैलाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बराला ने कहा कि वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने उनके गलत नारे और लारे में आकर जेजेपी को 10 सीट जीताने का काम किया और भाजपा के साथ सरकार में शामिल हुए लेकिन अब ये लोग भाजपा के खिलाफ जहर उगलने का काम कर रहे है। अबकी बार 2024 के चुनाव में जनता ने इनका सुपड़ा साफ करने का काम किया है। बराला ने कहा कि इन लोगों का राजनीतिक इतिहास उठाकर देखेंगे तो पता चलता है कि इन्होंने राजनीतिक विद्वेष पैदा करके अपना वोट बैंक बनाने का प्रयास किया है लेकिन यह मोदी जी के देश का युवा है और ऐसे लोगों के बहकावे में आने वाला नहीं है। आने वाले समय में युवा आगे भी ऐसे लोगों को सबक सिखाने का काम करेगा।