शहर के रतिया रोड स्थित एडिशनल अनाज मंडी में कालवन तपा के प्रधान फकीरचंद व किसान नेता सुरेश कोथ के नेतृत्व में किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसान नेताओं ने सरकार से पुराने तरीके से बिना गेट पास और बायोमेट्रिक के ट्रैक्टर ट्रालियों को अनाज मंडी में ले जाने की मांग की। किसानों ने प्रदर्शन के दौरान बायोमैट्रिक सेंटर पर को बंद करवा दिया, इस दौरान शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौजूद रहा। किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ ट्राली चालक किसान बिना गेट पास कटवाए अपनी फसल अनाज मंडी में ले आए। किसान नेता सुरेश कोथ और फकीरचंद ने मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग के समक्ष अपनी मांग रखते हुए कहा कि उनकी सरकार से लड़ाई है अधिकारियों व प्रशासन से कोई लड़ाई नहीं है। सरकार को बायोमेट्रिक लगाने, गेट पास काटने व वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर अपलोड करने के नियम को वापस लेना होगा यदि सरकार ने 10 अप्रैल से पहले इस नियम को वापस नहीं लिया तो 11 अप्रैल से प्रदर्शन उग्र किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी। किसान नेताओं ने कहा कि अभी तो किसानों की फसल खेत में पड़ी है, जब वह अनाज मंडी में आ जाएगी यदि उस समय गेहूं खरीद में कोई दिक्कत किसान को आई तो वे अपना असली रूप दिखाने का काम करेंगे, सरकार से निवेदन है ये नियम मानने लायक नहीं है, इनको वापस लेना पड़ेगा मार्केट कमेटी के सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि किसान संगठनों द्वारा अपनी विभिन्न मांगे रखी गई है जिन्हें उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा, प्रदर्शन के दौरान कुछ ट्रालियां बिना गेट पास के अंदर गई थी, उसके बाद से व्यवस्था सुचारू तरीके से चल रही है किसी भी किसान को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।