पुलिस लाइन में रविवार को एक मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से आए करीब 250 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के स्वास्थ्य की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान लगभग 60 प्रतिशत पुलिसकर्मी शुगर और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से ग्रस्त पाए गए। विशेषज्ञों ने दवाई दी और कंट्रोल को टिप्स बताएं। स्वास्थ्य शिविर में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन खुद उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत रूप से शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। शिविर सद्भावना अस्पताल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. अंशुल सहगल (जनरल मेडिसिन एवं क्रिटिकल केयर), डॉ. मनोज चालिया (हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. शुभम महतानी (जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी विशेषज्ञ) की टीम ने सेवाएं दीं। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, ईसीजी, हृदय एवं सामान्य शारीरिक जांच की गई तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।