फतेहाबाद जिला पुलिस द्वारा समस्त थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने कार्यालय परिसर, थानों, चौकियों व शाखाओं की साफ-सफाई करते हुए स्वेच्छा से श्रमदान किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि श्रमदान केवल शारीरिक श्रम नहीं, अपितु यह मानसिक शुद्धता, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यबोध का परिचायक है। उन्होंने कहा कि श्रमदान भारतीय संस्कृति की एक अनमोल परंपरा है, जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विशेष महत्व दिया था। बापू का मानना था कि प्रत्येक नागरिक को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन स्वयं के श्रम से करना चाहिए।