नागरिक अस्पताल में ई उपचार सर्वर बंद होने से सोमवार को मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर 12 बजे तक अस्पताल के ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइनें लगी रही। अस्पताल में रोजाना 1000 से 1200 मरीजों की ओपीडी होती है। मौसम में बदलाव के कारण वायरल मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में मरीजों की संख्या डेढ़ हजार तक पहुंच रही है। सोमवार को अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर लगाया गया। गर्भवती को भी पर्ची कटवाने के लिए एक घंटे तक लाइन में लगे रहना पड़ा। नागरिक अस्पताल में मरम्मत कार्य के चलते पिछले सप्ताह ई उपचार सर्वर को बंद कर दिया गया था। इसके बाद से अस्पताल में ओपीडी पर्चियों को मैनुअल ही काटा जा रहा है। पर्ची काउंटर पर दो ही कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है जबकि मैनुअल पर्ची में समय भी ज्यादा लग रहा है। कर्मचारियों की अतिरिक्त व्यवस्था न करने से परेशानी मरीजों को झेलनी पड़ रही है।