शहर के धर्मशाला रोड पर ताज मोहम्मद के नाम से हड्डी व जोड़ रोग विशेषज्ञ की दुकान चलाने वाले व्यक्ति पर फेसबुक आईडी से पाकिस्तान के पक्ष में पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। सभी पोस्ट मुस्ताक अहमद के द्वारा अपनी फेसबुक आईडी से शेयर की गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने दोपहर को मुस्ताक अहमद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि शाम के समय पुलिस ने उसका फोन जब्त कर उसे घर भेज दिया लेकिन रात को इस मामले को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए। सभी ने संयुक्त रूप से एक शिकायत शहर थाना प्रभारी ओम प्रकाश को दी जिसमें मुस्ताक अहमद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मामले की जानकारी देते हुए भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि भारत-पाकिस्तान के तनाव के बीच एक विशेषज्ञ जो की ताज मोहम्मद के नाम से दुकान चलाता है। उसका नाम मुस्ताक अहमद है। उसके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित पोस्ट अपनी फेसबुक आईडी से शेयर की गई है। इस व्यक्ति के द्वारा पाकिस्तान परस्त पोस्ट डाली गई। भारत देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को नीचा दिखाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इस डॉक्टर के द्वारा शहर का माहौल बिगड़ने की कोशिश की गई है। इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।