बुधवार को बीजेपी जिला कार्यालय ‘फतेह कमल’ में जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना की इस कार्रवाई पर पटाखे चलाकर खुशी जताई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद, भारतीय सेना जिन्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकबाद मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। भारत सरकार का आतंकवाद पर इस करारे प्रहार को जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने न्याय संगत बताया है। अपने संबोधन में एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि 22 अप्रैल को भारत के कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने कायराना हमला करते हुए मासूम हिन्दुओं की निर्मम हत्या कर दी थी, इस घटना ने पूरे देश को आघात पहुंचाया था। इस हमले में 26 मासूमों की हत्या हुई थी। कायर आतंकियों ने महिलाओं के सामने उनके सुहाग और सिन्दूर को उजाड़ा था। उसी दिन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के खिलाफ आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले लिया था। 6-7 मई की मध्य रात्रि को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल निर्देशन में भारतीय सेना ने ‘ऑप्रेशन सिन्दूर’ पाकिस्तान की सीमा में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिलाने का शौर्य पूरे विश्व को दिखाया है। इस ऑप्रेशन में कई बड़े आतंकियों समेत 100 से अधिक आतंकवादियों को जहन्नुम का रास्ता दिखा दिया है।