दादरी शहर के रोजगार्डन में बुधवार रात नगर परिषद कर्मचारियों के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने पत्थर भी मारे जिससे पांच खिड़कियों के शीशे टूट गया। वीरवार सुबह चेयरमैन बक्शीराम सैनी, ईओ राजेश वर्मा और सीएसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। चेयरमैन ने बस स्टैंड चौकी पुलिस टीम को घटनास्थल पर बुलाया और लिखित शिकायत भी दी गई। चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बताया कि वीरवार सुबह पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप गांधी ने उन्हें सूचना दी थी कि रोजगार्डन में रात को कर्मचारियों ने पहले शराब पी और उसके बाद उनके बीच झगड़ा हो गया। इसमें पत्थर भी चले जिसमें दो कमरों की 5 खिड़कियों के कांच, बेंच और पंखा टूट गया। वहीं, चौकीदार कक्ष में चेयरमैन को हुक्का रखा मिला। इसके अलावा शराब की दो खाली बोतलें और एक अध्धा डस्टबिन में जबकि दो खाली बोतलें कमरे के पीछे रखी मिली। इतना ही नहीं हुक्का की आग जलाने के लिए रखा तसला भी वहां मिला। एक रजिस्टर का फटा कवर मिला, तो अस्थायी रैन बसेरा के रिकॉर्ड का है और इसमें बाकयदा ईओ की मुहर लगी हुई है। वहीं, पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।