एनएच-152 डी पर रानीला रेस्ट एरिया के पास मंगलवार को अर्टिगा को कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में राजस्थान निवासी युवक की मौत हो गई जबकि अर्टिगा सवार एक महिला भी घायल हो गई। मृतक रमेश (19) राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के गांव गोपीपुरा का रहने वाला था और बौंदकलां थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर जिले के गोपीपुरा निवासी रमेश साथियों के साथ हिमाचल प्रदेश के ऊना से राजस्थान लौट रहा था। रानीला के समीप रेस्ट एरिया में उन्होंने गाड़ी रोकी थी। उसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे रमेश व अर्टिगा सवार महिला घयल हो गई। घायल रमेश ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां से रमेश के शव को नागरिक अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कागजी कार्यवाही पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया।