चरखी-दादरी स्थित हरियाणा बीज एवं विकास निगम पर शनिवार सुबह गेहूं के 665 बैग पहुंचे, लेकिन निगम अधिकारियों की कार्यशैली के कारण बीज वितरण कार्य दोपहर बाद शुरू हो पाया। इसके कारण किसानों ने नाराजगी जाहिर की। बता दें कि शनिवार सुबह दादरी बीज केंद्र पर गेहूं की दो किस्म के बीच पहुंचे। इनमें किस्म 222 के 300 बैग और 370 किस्म के 325 बैग पहुंचे। इसके बाद किसान सुबह 6 बजे लाइन में लग गए। लेकिन ड्यूटी समय में अधिकारियों ने सफाई व गाड़ी से बैगों के उतार-चढ़ाव आदि का कार्य शुरू करवा दिया। इससे किसानों ने अधिकारियों के प्रति रोष जताया और बीज वितरण की मांग की। बाद में अधिकारियाें ने दोपहर 12 बजे बीज वितरण शुरू किया। इसमें किसानों ने पहले फॉर्म भरे और अपनी आवश्यकतानुसार बीज के बैग लिए। केंद्र की ओर से प्रति किसान अधिकतम दस बैग दिए जा रहे हैं और एक बैग में 40 किलोग्राम गेहूं का बीज डाला गया है। सायं तक किसान लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं, कई किसानों में बीज लेने के लिए कहासुनी भी हो गई।